ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भोरमदेव कॉरिडोर के काम में तेजी के निर्देश, हर 15 दिन में दिखानी होगी प्रगति

रायपुर। करीब 146 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किए जा रहे भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण कार्यों में अब तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। स्वदेश दर्शन योजना के तहत चल रहे प्रोजेक्ट की समीक्षा उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कबीरधाम में की। निर्माण कार्यों की धीमी गति पर दोनों मंत्रियों ने ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों पर नाराजगी जताई।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अब प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए 15-15 दिन की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। तय अवधि के बाद निर्माण स्थल पर कार्य की प्रगति दिखाई देनी चाहिए। लक्ष्य के अनुरूप काम नहीं होने पर जिम्मेदारी तय कर ठेकेदारों को कार्य से हटाने और अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जरूरत पड़ने पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

उन्होंने निर्माण कार्यों में पर्याप्त मशीनरी, मानव संसाधन और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। आगामी भोरमदेव महोत्सव तक काम में स्पष्ट प्रगति दिखाने के लिए पीएमसी, ठेकेदारों और भोरमदेव विकास समिति के बीच नियमित समन्वय पर जोर दिया गया।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कई कार्यों के कार्यादेश जारी हुए 8 से 9 महीने हो चुके हैं, लेकिन काम की गति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने प्रत्येक 15 दिन के लक्ष्य तय करने और महोत्सव से 10 दिन पहले निर्धारित कार्य पूरे करने की समय-सीमा तय करने को कहा।

मंत्री ने भोरमदेव मंदिर की ऐतिहासिक वास्तुकला, स्वरूप और रंगत के अनुरूप कॉरिडोर का डिजाइन रखने के निर्देश दिए।

मार्ग से हटेगा अतिक्रमण

उप मुख्यमंत्री ने कवर्धा-भोरमदेव मुख्य मार्ग और आसपास अतिक्रमण का चिन्हांकन कर कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व और वन विभाग की जमीन का संयुक्त सर्वे कर अतिक्रमण हटाने तथा मुक्त भूमि का उपयोग पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं के लिए करने को कहा गया।

Related Articles

Back to top button