ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

विवादित सराफा दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

भिलाई। जवाहर मार्केट पावर हाउस स्थित पारख ज्वेलर्स के स्टोर में सोमवार तड़के करीब 3:21 बजे अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से धुआं और लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बताया गया कि आग दुकान के अंदर काफी फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। जवाहर मार्केट की गलियां संकरी होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बावजूद टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया। इससे बाजार में बड़ा हादसा टल गया।

लाखों के नुकसान की आशंका

आग की वजह से ज्वेलर्स स्टोर के अंदर रखा सामान और अन्य सामग्री जलने की जानकारी है। इससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और दुकान में रखे सामान की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अग्निशमन विभाग और संबंधित टीम घटना की जानकारी जुटा रही है।

दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू

आग बुझाने की कार्रवाई दमकल दल ने दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में की। टीम में रामनाथ कुरे, जितेंद्र वर्मा और हरीश शामिल रहे। कर्मचारियों की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। अगर आग आसपास की दुकानों तक पहुंचती तो जवाहर मार्केट में बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल दुकान में हुए नुकसान और आग के कारणों की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button