पीएम मोदी के जन्मदिन पर घर-घर जला ‘आशीर्वाद का दीया’: सीएम साय ने की थी अपील

रायपुर। रायपुर के बिरगांव स्थित बुधवारी बाजार मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विश्वकर्मा पूजा के साथ किसान-मजदूर सम्मान समारोह भी हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन देशसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने देश के गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के लिए कई योजनाओं को आगे बढ़ाया है। सीएम ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री की स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

किसान-मजदूरों को विकास का साझेदार बताया
सीएम साय ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा निर्माण, हुनर और श्रम के सम्मान का पर्व है। किसान, मजदूर, कारीगर और श्रमिक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है।
श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना शुरू की गई है। इसके तहत 200 बच्चों को निजी आवासीय स्कूलों में पढ़ाई की सुविधा दी जा रही है। महिलाओं को ई-रिक्शा देने सहित श्रमिकों के पंजीयन और अन्य सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है।

किसानों के लिए 3100 रुपए समर्थन मूल्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था है। किसानों को पिछले दो वर्षों का लंबित बोनस भी दिया गया है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के साथ कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महतारी वंदन योजना सहित स्व-सहायता समूहों, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

बिरगांव में 175 करोड़ के काम
सीएम ने बताया कि बिरगांव क्षेत्र में पिछले ढाई साल में करीब 175 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के जरिए विकास, रोजगार और स्थानीय संसाधनों से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में समाजसेवा, कला, साहित्य, खेल, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाले 76 लोगों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





