ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बढ़ेगी बारिश, रायपुर में छाए रहेंगे बादल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। गुरुवार को रायपुर में दोपहर करीब 3 बजे के बाद तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की तीव्रता और वितरण बढ़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी से अति भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसमी सब-डिविजनल बारिश सामान्य के आसपास रही, लेकिन इसमें 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। गुरुवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार यानी 11 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

इन इलाकों में हुई बारिश

गुरुवार को पखांजूर में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रायपुर में करीब 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

9 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button