चार्टर्ड प्लेन को ‘लेगो एयरप्लेन’ कहना नोरा को पड़ा भारी: एविएशन कंपनी ने मांगा 3 करोड़ हर्जाना

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ड्यून्स एविएशन ने उनके खिलाफ ₹3 करोड़ की मानहानि का मुकदमा दायर किया है।
कंपनी का आरोप है कि नोरा ने चार्टर्ड विमान को लेकर ‘छोटा’, ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ जैसे कमेंट किए, जिससे कंपनी की प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा। कंपनी ने यह मुकदमा गांधीनगर कोर्ट में दायर किया है। मामले की सुनवाई 25 सितंबर को सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में होगी।
मुंबई-जयपुर फ्लाइट में बनाया था वीडियो
ड्यून्स एविएशन के मुताबिक, नोरा ने पिछले साल दिसंबर में मुंबई से जयपुर की यात्रा के दौरान सेसना साइटेशन CJ2 विमान के अंदर वीडियो रिकॉर्ड किए थे। बाद में उन्होंने इन वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। कंपनी का दावा है कि पोस्ट में विमान को ‘छोटा’, ‘टॉय’ और ‘लेगो हवाई जहाज’ बताया गया था।
कंपनी बोली- बयानों से बुकिंग प्रभावित हुई
कंपनी ने दावा किया कि नोरा के सोशल मीडिया पर 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनके कमेंट्स को कंपनी ने ‘अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना’ बताया। आरोप है कि पोस्ट सामने आने के बाद कुछ ग्राहकों ने बुकिंग रद्द कीं और कंपनी की बुकिंग में 15 से 20% तक गिरावट आई।
ड्यून्स एविएशन का कहना है कि जिस विमान से नोरा ने यात्रा की थी, वह निर्धारित मानकों के अनुरूप था। कंपनी के अनुसार विमान DGCA से प्रमाणित और उड़ान के लिए योग्य था तथा वैध NSOP के तहत संचालित किया जा रहा था।
कंपनी ने 3 करोड़ रुपए हर्जाना मांगा
मुकदमे में कंपनी ने नोरा फतेही से ₹3 करोड़ का हर्जाना दिलाने की मांग की है। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से विमान से संबंधित उनके सभी कथित आपत्तिजनक बयान और कंटेंट हटाने की मांग की गई है।
कंपनी ने कोर्ट से नोरा को सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश देने की भी मांग की है। फिलहाल मामले में नोरा फतेही की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





