बिग बॉस में मनोज तिवारी की बेटी रीति की एंट्री: सलमान ने अंडों वाले विवाद पर किया मजाक, बोले- ‘बाप पे मत जाना’

मुंबई। सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर आज रात होने जा रहा है। शो से पहले सामने आए एक प्रोमो में भोजपुरी एक्टर और बीजेपी नेता मनोज तिवारी अपनी बेटी रीति तिवारी को बिग बॉस के घर में छोड़ने पहुंचे। खास बात यह रही कि सलमान खान ने रीति को घर में होने वाले झगड़ों से बचने की सलाह देते हुए उनके पिता के पुराने बिग बॉस विवाद का भी जिक्र किया।
प्रोमो में मनोज तिवारी गाना गाते हुए स्टेज पर पहुंचते हैं। सलमान उन्हें दोबारा बिग बॉस में आने को लेकर चिढ़ाते हैं। मनोज बताते हैं कि इस बार वह कंटेस्टेंट बनने नहीं, बल्कि अपनी बेटी को शो में छोड़ने आए हैं। इसके बाद रीति स्टेज पर परफॉर्म करती हैं।
रीति को सलाह देते हुए सलमान कहते हैं कि घर में अंडों को लेकर झगड़ा मत करना। इसके बाद वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं, ‘ऐ बाप पे मत जाना।’ सलमान का यह डायलॉग मनोज तिवारी के 2010 के बिग बॉस विवाद की याद दिलाता है।
डॉली बिंद्रा से अंडों को लेकर हुआ था विवाद
मनोज तिवारी ने ‘बिग बॉस 4’ में हिस्सा लिया था और करीब 62 दिन घर में रहे थे। उस दौरान डॉली बिंद्रा के साथ अंडों को लेकर उनका विवाद काफी चर्चित हुआ था। मनोज ऑमलेट बनाना चाहते थे, जबकि डॉली पहले बचा हुआ खाना खत्म करने की बात कह रही थीं। बहस के दौरान मनोज ने कहा था, ‘किचन किसी के बाप का नहीं है।’ इसके जवाब में डॉली ने कहा था, ‘बाप पे बोलना नहीं।’ यह विवाद बाद में सोशल मीडिया मीम्स का हिस्सा बन गया।
निरहुआ भी प्रोमो में नजर आए
एक अन्य प्रोमो में भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भी दिखाई दिए। वह रिक्शे पर सवार होकर सेट पर पहुंचे। सलमान ने उनके चर्चित गाने ‘निरहुआ रिक्शावाला’ का जिक्र करते हुए मजाक किया। निरहुआ 2012 में ‘बिग बॉस 6’ में कंटेस्टेंट रह चुके हैं।





