ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

उधारी को लेकर दोस्त ने प्रॉपर्टी डीलर को मार डाला, शव बेडशीट में लपेटा; ठिकाने लगाने से पहले गिरफ्तार

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में उधार के पैसों और प्रॉपर्टी के लेनदेन को लेकर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके दोस्त ने किराए के मकान में बुलाकर डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे में बंद कर दिया और उसे ठिकाने लगाने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला चिखली चौकी क्षेत्र की दीनदयाल कॉलोनी का है।

फोन कर दोस्त को घर बुलाया

पुलिस के मुताबिक मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार रात उसके दोस्त सुनील वर्मा (30) ने फोन कर उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि अर्जुन ने सुनील की बाइक अपने पास रख ली थी। इसी बाइक और उधारी के पैसों को लेकर दोनों के बीच कमरे में विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर सुनील ने डंडे से अर्जुन पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

शव को बेडशीट में लपेटकर लगाया ताला

हत्या के बाद आरोपी ने शव को बेडशीट में लपेट दिया। इसके बाद कमरे में बाहर से ताला लगाकर वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि वह शव को किसी दूसरी जगह ठिकाने लगाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान बाहर से बंद मिला। पुलिस ने ताला खोलने की कोशिश की तो सुनील ने विरोध करते हुए कहा कि कमरे के अंदर कुछ नहीं है। संदेह होने पर पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली, जहां अर्जुन का शव बरामद हुआ।

FSL और डॉग स्क्वाड ने जुटाए सबूत

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से खून के निशान, फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। क्राइम और साइबर टीम भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी सुनील वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button