StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

सुभाष घई से झगड़े के बाद सलमान को पिता सलीम खान ने भेजा था माफी मांगने: पार्टी में हुई थी हाथापाई, बाद में ‘युवराज’ में साथ किया काम

मुंबई। फिल्ममेकर सुभाष घई ने सलमान खान के साथ अपने पुराने विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि एक पार्टी में सलमान के साथ उनकी बहस इतनी बढ़ गई थी कि दोनों के बीच हाथापाई तक हो गई थी। इसके बाद सलमान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान ने उन्हें डांटा और सलमान को सुभाष घई से माफी मांगने के लिए उनके घर भेजा था।

टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में घई ने बताया कि घटना फिल्म ‘युवराज’ में दोनों के साथ काम करने से पहले की है। उनके मुताबिक, पार्टी में सलमान नशे में थे और किसी बात को लेकर उनसे नाराज थे। बहस के दौरान सलमान ने कथित तौर पर उन्हें गालियां दीं। घई ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और हाथापाई हो गई।

पिता की बात मानकर घई से मांगी माफी

घई ने बताया कि अगले दिन सलीम खान ने उन्हें फोन किया। उन्होंने कहा कि सलमान ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया था और सलीम खान ने बेटे को डांटा। इसके बाद उन्होंने सलमान को घई के घर जाकर माफी मांगने के लिए कहा।

घई के अनुसार, सलमान उनके घर पहुंचे और शालीनता से माफी मांगी। घई ने कहा कि इसके बाद उन्होंने सलमान को पसंद करना शुरू किया, क्योंकि वह अपने पिता की बहुत इज्जत करते थे। दोनों ने विवाद को वहीं खत्म कर दिया और बाद में एक-दूसरे के घर भी आने-जाने लगे।

‘युवराज’ बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली

इसके बाद दोनों ने 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘युवराज’ में साथ काम किया। फिल्म में सलमान के अलावा अनिल कपूर और कैटरीना कैफ भी थे। करीब ₹48 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने लगभग ₹31.22 करोड़ की कमाई की थी।

घई ने फिल्म की असफलता पर कहा कि कई बार स्टार की इमेज किरदार पर हावी हो जाती है। अभिनेता किरदार निभाने के बजाय खुद को ही दोहराने लगता है। उन्होंने अमिताभ बच्चन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान को दोहराने से बचाया। सुभाष घई ने 1976 में ‘कालीचरण’ से निर्देशन की शुरुआत की थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।

Related Articles

Back to top button