बेमेतरा में 126 पशुओं को बंधक बनाने का मामला: आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार, सरकारी जमीन से हटाया कब्जा; पंचायत सचिव निलंबित

बेमेतरा। जिले की दाढ़ी तहसील के ग्राम हेमाबंद में आवारा और घुमंतू पशुओं को कथित रूप से अनाधिकृत तरीके से बंधक बनाकर रखने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल पशु चिकित्सक को मौके पर भेजकर जांच कराई। प्रथमदृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी दिलीप राय और उसके बेटे संजय राय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक हेमाबंद निवासी दिलीप राय (55) और संजय राय (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क), 11(1)(ज) और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
126 पशुओं को गौशालाओं में भेजा
कार्रवाई के दौरान मौके पर 126 पशु मिले। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें वहां से हटाकर जिले की अलग-अलग गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया। पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य की निगरानी के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को जिम्मेदारी दी गई है।
सरकारी जमीन से हटाया कब्जा
प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को एफआईआर तक सीमित नहीं रखा। आरोपी द्वारा कब्जाई गई शासकीय भूमि से 25 अगस्त को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई। वहीं, मामले में इस्तेमाल किए गए जब्त ट्रैक्टर के राजसात की प्रक्रिया भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
मृत पशुओं की मौत की जांच
जांच के दौरान गांव की सरहद में कुछ मृत पशु भी मिले। उनकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। टीम आवश्यक चिकित्सकीय जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
पंचायत सचिव निलंबित
मामले में पंचायत स्तर पर लापरवाही सामने आने पर ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव प्रकाश कोशले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु क्रूरता, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





