IGKV पेपर लीक: परीक्षा से 2 घंटे पहले WhatsApp पर वायरल हुआ पर्चा, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के दूसरे सेमेस्टर की कीट विज्ञान परीक्षा का पेपर लीक होने से हड़कंप मच गया। परीक्षा 20 अगस्त को आयोजित होनी थी, लेकिन इसके करीब दो घंटे पहले प्रश्नपत्र वॉट्सऐप के जरिए छात्रों तक पहुंच गया। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द कर दी।
पेपर लीक मामले में पुलिस ने दुर्ग के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर में दबिश दी गई। पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल फोन और वॉट्सऐप चैट के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, प्रश्नपत्र पहले दुर्ग से बाहर निकला और इसके बाद कवर्धा के कुछ छात्रों तक पहुंचा। वहां से वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से अन्य विद्यार्थियों को भेजा गया। मामले में कुछ छात्रों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले किस व्यक्ति या मोबाइल से लीक हुआ था।
विश्वविद्यालय प्रबंधन को कवर्धा कॉलेज के अधिष्ठाता और बिलासपुर के एक कॉलेज की ओर से ई-मेल के जरिए शिकायत मिली थी। इसके बाद तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अब तक 16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ कर चुकी है। कवर्धा के दो छात्रों से भी पूछताछ हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पेपर कितने छात्रों तक पहुंचा और लीक के पीछे पूरा नेटवर्क किस तरह काम कर रहा था। मामले ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





