विभाजन की पीड़ा से सीख लेकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखना हम सभी का दायित्व: CM साय

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। संचालनालय पुरातत्व स्थित मुक्ताकाशी मंच में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि इतिहास केवल अतीत की घटनाओं का विवरण नहीं है, बल्कि वर्तमान को दिशा देने और भविष्य को सुरक्षित बनाने का माध्यम भी है। इसलिए विभाजन की विभीषिका और उससे मिले सबक को पीढ़ी-दर-पीढ़ी याद रखना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में हुआ देश का विभाजन केवल सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह एक ऐसी मानवीय त्रासदी थी, जिसने लाखों लोगों को अपने घर, परिवार और जन्मभूमि से अलग होने के लिए मजबूर कर दिया।
बंगाली, सिख और सिंधी समाज सहित अनेक समुदायों के लोगों ने विस्थापन का दर्द झेला, जिसकी पीड़ा आज भी उनके परिवारों की स्मृतियों में जीवित है।
उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों ने कठिन परिस्थितियों में नए सिरे से जीवन की शुरुआत की और अपने परिश्रम व संघर्ष के दम पर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका साहस और जीवटता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने और नई पीढ़ी को इतिहास के इस अध्याय से परिचित कराने के उद्देश्य से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
यह दिवस केवल पीड़ा को याद करने का नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का भी अवसर है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि यदि समाज संगठित रहेगा तो राष्ट्र भी संगठित रहेगा। उन्होंने समाज को बांटने वाली शक्तियों के प्रति सतर्क रहने और राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय संचालनालय पुरातत्व से अंबेडकर चौक तक निकाले गए मौन जुलूस में भी शामिल हुए और विभाजन का दंश झेलने वाले लाखों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।





