फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में टला बड़ा हादसा: 4 सेकेंड तक पायलट के कंट्रोल से बाहर रहा विमान, 300 फीट नीचे आया

नई दिल्ली। एअर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट से जुड़े हादसे की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 अगस्त को हुई इस घटना के दौरान विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम अचानक बंद हो गए थे। इसके कारण विमान करीब 4 सेकेंड तक पायलट के नियंत्रण से बाहर हो गया और लगभग 300 फीट नीचे आ गया।
बताया गया है कि फ्लाइट में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। अचानक विमान के नीचे आने से यात्रियों और केबिन क्रू को जोरदार झटके लगे। इस घटना में 20 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल हो गए थे। कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर विमान की छत से टकरा गए थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, विमान के ग्रीन, ब्लू और यलो तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में एक साथ खराबी आ गई थी। हाइड्रोलिक सिस्टम विमान के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को नियंत्रित करता है। इसके फेल होने से विमान का कंट्रोल सिस्टम प्रभावित हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि इसी दौरान विमान का ऑटोपायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया था। कॉकपिट में चेतावनी मिलने के बाद सह-पायलट ने विमान को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन हाइड्रोलिक सिस्टम बंद होने के कारण कंट्रोल इनपुट का तत्काल कोई असर नहीं हुआ।
कुछ सेकेंड बाद हाइड्रोलिक सिस्टम दोबारा सक्रिय हो गए। इसके बाद विमान की नोज तेजी से नीचे गई, जिससे यात्रियों को एक बार फिर तेज झटका लगा। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को दोबारा नियंत्रण में लिया और फ्लाइट की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई।
इस मामले की जांच भारत की विमान दुर्घटना जांच एजेंसी (AAIB) कर रही है। विमान निर्माता कंपनी एयरबस भी जांच में तकनीकी सहायता दे रही है। जांच एजेंसियां ब्लैक बॉक्स के डेटा का विश्लेषण कर रही हैं। शुरुआती रिपोर्ट में हाइड्रोलिक सिस्टम के प्रेशर सेंसर में खराबी की आशंका जताई गई है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।





