तेज रफ्तार कार ने 4 कांवड़ियों को कुचला: 3 की मौके पर मौत, चौथे की हालत गंभीर; गंगोत्री से लौट रहे थे

दिल्ली। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे चार कांवड़ियों को टक्कर मार दी।
हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल है। सभी कांवड़िए गंगोत्री से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर फरीदकोट के कोटकपूरा लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद तीनों युवकों के शव सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घायल कांवड़िए को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान कोटकपूरा निवासी जगदीश मित्तल (40), महेंद्र पाल (43) और दीपक कुमार (42) के रूप में हुई है। वहीं मुकेश गोयल गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
30 जुलाई को गंगोत्री के लिए निकले थे
जानकारी के अनुसार, चारों कांवड़िए कोटकपूरा से दो अलग-अलग कांवड़ संघों के साथ गंगोत्री गए थे। 30 जुलाई को दोनों जत्थे गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। उन्हें सोमवार 10 अगस्त को गंगाजल लेकर कोटकपूरा लौटना था।
एक जत्था कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ के साथ गया था, जबकि दूसरा जत्था श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कांवड़ संघ के साथ रवाना हुआ था। वापसी के दौरान सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ हाईवे पर हादसा हो गया।
रात में सड़क किनारे चल रहे थे कांवड़िए
शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ के साथ गए पीबीजी वेलफेयर क्लब के प्रधान राजीव मलिक ने बताया कि हादसा रात के समय हुआ। कांवड़िए हाईवे के किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन कांवड़ियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। कार चालक की पहचान और हादसे के बाद उसकी स्थिति को लेकर जांच की जा रही है।





