ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेन समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख देंगे CM साय

सेन शक्ति सम्मेलन में बोले- समाज ने सदियों से संस्कार और समरसता को मजबूत किया; न्यू रायपुर में संत सेन महाराज के नाम पर चौक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है।

समाज ने सदियों से भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कार और समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जन्म से लेकर विवाह और मृत्यु तक विभिन्न संस्कारों में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सेन समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

साथ ही न्यू रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण करने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए नामकरण समिति गठित की गई है।

कर्पूरी ठाकुर को बताया समाज का गौरव

मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर को वंचित वर्गों और सामाजिक न्याय के संघर्ष का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उनका सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुनर और पारंपरिक व्यवसायों को सम्मान मिल रहा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से ऐसे लोगों को आर्थिक सहायता और ऋण सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के माध्यम से समाज के लोगों को सैलून किट समेत अन्य सुविधाएं दी गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेन समाज के प्रशिक्षित युवाओं को किट भी वितरित किए।

ढाई साल में योजनाओं के क्रियान्वयन का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख मकान स्वीकृत किए गए हैं।

किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए मिल रहे हैं। अब तक 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है।

रोजगार और डिजिटल सेवाओं का भी जिक्र

साय ने कहा कि विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है।

नई उद्योग नीति के तहत करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। प्रदेश को 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु के जरिए 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायत दर्ज कराने की सुविधा का भी उल्लेख किया।

उन्होंने सेन समाज के प्रतिनिधियों से सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button