ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में हुक्का पार्टी का वीडियो वायरल: सतपाल फार्म हाउस में सजी थी महफिल, हुक्का गुड़गुड़ाते दिखे युवक

रायपुर। राजधानी रायपुर में निजी फार्म हाउस में आयोजित हुक्का पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।

मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा स्थित सतपाल फार्म हाउस का है, जहां आयोजित एक पार्टी में कुछ युवक हुक्का पीते और तंबाकू का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और फार्म हाउस संचालक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए थाना बुलाया है।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में कई युवक हुक्का गुड़गुड़ाते नजर आ रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रदेश में लागू हुक्का बार प्रतिबंध के नियमों के उल्लंघन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए विधानसभा थाना पुलिस ने फार्म हाउस संचालक को नोटिस जारी कर निर्धारित समय पर थाने में उपस्थित होने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि पार्टी के दौरान हुक्का उपलब्ध कराया गया था या प्रतिभागी स्वयं लेकर पहुंचे थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं और कहीं तंबाकू उत्पादों से जुड़े अन्य नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।

छत्तीसगढ़ में बैन है हुक्का

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का सेवन और हुक्का बार के संचालन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद समय-समय पर निजी फार्म हाउस और रिसॉर्ट में चोरी-छिपे हुक्का पार्टियां आयोजित किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।

युवकों की पहचान में जुटे अफसर

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के साथ उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों और आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button