देशभर में मानसून का असर: गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण गुजरात में 43 इंच बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई राज्यों में नदियां उफान पर और बिजली गिरने की चेतावनी
दिल्ली। देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। सबसे गंभीर स्थिति दक्षिण गुजरात की है, जहां भारी बारिश के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए हैं।
उमरगाम तालुका में महज 16 घंटे के भीतर 43 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और कई मकान एक मंजिल तक पानी में डूब गए। मौसम विभाग ने शुक्रवार को गुजरात के 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में पिछले दस दिनों से जारी बारिश के चलते गंगा, यमुना समेत 10 प्रमुख नदियां उफान पर हैं। कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शुक्रवार को राज्य के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखीमपुर-खीरी में शारदा नदी का पानी गांवों में घुसने से कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं।
बिहार में भी मानसून का असर लगातार बना हुआ है। पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सिवान समेत 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं औरंगाबाद और बक्सर में गुरुवार को बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।
असम में बाढ़ से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। राज्य में करीब 6.53 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं। कई इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
वहीं राजस्थान के बांसवाड़ा और डूंगरपुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि नौ अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है। मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, आलीराजपुर और पन्ना में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।





