StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

एक्ट्रेस आयशा खान ने पुलिस हिरासत का किया दावा: बोलीं- बिना वजह घसीटकर वैन में बैठाया, दो घंटे बाद छोड़ा

सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट शेयर कर सुनाई आपबीती, उर्फी जावेद ने किया समर्थन

मुंबई। फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने से चर्चा में आईं और ‘बिग बॉस 17’ से लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री आयशा खान ने दावा किया है कि मुंबई पुलिस ने उन्हें बिना किसी कारण हिरासत में लिया।

एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो और कई पोस्ट साझा कर आरोप लगाया कि चार पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरदस्ती खींचकर पुलिस वैन में बैठाया और करीब दो घंटे तक हिरासत में रखने के बाद रिहा किया।

आयशा खान के अनुसार, वह छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़क पर शांतिपूर्वक खड़ी थीं और किसी तरह की हिंसा या प्रदर्शन में शामिल नहीं थीं।

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि रिहा होने के बाद वह अपने भाई को रफी अहमद किदवई पुलिस स्टेशन से छुड़ाने जा रही हैं। उनका दावा है कि उन्हें और उनके भाई को शहर के अलग-अलग हिस्सों में रखा गया था।

एक्ट्रेस द्वारा साझा किए गए वीडियो में पुलिसकर्मी उन्हें वैन की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। आयशा का कहना है कि उन्हें वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हिरासत का कारण पूछा, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

सोशल मीडिया पोस्ट में आयशा ने लिखा कि उन्होंने केवल शांतिपूर्वक सड़क पर खड़े होकर अपनी बात रखने की कोशिश की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सड़क पर खड़ा रहना अब अपराध हो गया है।

उन्होंने जवाबदेही और नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि उन्हें अब भी उम्मीद है कि भविष्य में व्यवस्था बेहतर होगी।

इस पूरे घटनाक्रम पर अभिनेत्री उर्फी जावेद भी आयशा के समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि आयशा ने कोई अपराध नहीं किया था और वह केवल सड़क पर मौजूद थीं।

फिलहाल इस मामले में मुंबई पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

Related Articles

Back to top button