जम्मू-कश्मीर में बाढ़ का कहर, कश्मीर में रेड अलर्ट; असम में 5.65 लाख लोग प्रभावित

दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का असर लगातार तेज बना हुआ है।
जम्मू-कश्मीर, असम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के बीरवाह और खाग क्षेत्रों में अचानक आई बाढ़ में एक व्यक्ति बह गया।
घटना के बाद SDRF, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने कश्मीर के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
असम में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है।
बीते 24 घंटों में बाढ़ से 21 लोगों की मौत हुई है। राज्य के 16 जिलों में 5.65 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
सबसे ज्यादा असर शिवसागर जिले में देखा गया है, जहां हेलीकॉप्टर के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
प्रशासन राहत शिविरों और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के सभी स्कूल और कॉलेज बुधवार के लिए बंद कर दिए गए हैं।
प्रदेश में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 66 लोगों की मौत हो चुकी है।
कांगड़ा में फ्लैश फ्लड से चार मकान और तीन गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
उत्तराखंड में गौरीकुंड के पास भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के रियासी में भारी बारिश के बाद सलाल डैम के सभी गेट खोल दिए गए हैं।
गुजरात के वापी में बाढ़ के पानी में फंसी बस से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी रहेगा।
वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।





