ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ का गौरव: ‘राम-नामी’ बनी सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री, CM साय ने दी बधाई

मुख्यमंत्री बोले- रामनामी समाज की परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर, देश-दुनिया तक पहुंची छत्तीसगढ़ की पहचान

रायपुर। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ के रामनामी समुदाय की अनूठी परंपरा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली है।

मुख्यमंत्री साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री ने रामनामी समाज की अनूठी परंपरा, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को बेहद प्रभावी ढंग से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समाज की परंपरा श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक जीवन का जीवंत उदाहरण है। यह समुदाय अपनी विशिष्ट पहचान और धार्मिक आस्था के कारण छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी परंपराओं का संरक्षण और प्रचार-प्रसार हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान केवल एक फिल्म की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय और लोक समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी सम्मान है। इससे प्रदेश की विविध सांस्कृतिक पहचान को देश और दुनिया में नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से प्रदेश की लोक कला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रचनात्मक कार्यों को नई प्रेरणा मिलेगी। साथ ही युवा फिल्मकारों और कलाकारों को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को रचनात्मक माध्यमों से वैश्विक मंच तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button