देश - विदेशStateNews

भारत-UK फ्री ट्रेड एग्रीमेंट आज से लागू: व्हिस्की, लग्जरी कारें और कपड़े होंगे सस्ते, भारतीय निर्यात को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

दिल्ली। भारत और यूनाइटेड किंगडम (UK) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) बुधवार, 15 जुलाई से लागू हो गया है।

इस समझौते के तहत भारत के 99% उत्पाद अब ब्रिटेन में बिना आयात शुल्क (जीरो टैरिफ) के निर्यात किए जा सकेंगे, जबकि ब्रिटेन के अधिकांश उत्पाद भारत में औसतन 3% शुल्क पर आयात होंगे।

सरकार का अनुमान है कि इस समझौते से वर्ष 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़कर 120 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

करीब तीन साल तक चली 14 दौर की वार्ता के बाद 24 जुलाई 2025 को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और ब्रिटेन के व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की मौजूदगी में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

भारत में ब्रिटेन की हाई कमिश्नर लिंडी कैमरन ने इसे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था के लिए “ऐतिहासिक पल” बताया है।

इस समझौते का सबसे बड़ा फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा। ब्रिटेन से आने वाली स्कॉच व्हिस्की और जिन पर आयात शुल्क 150% से घटकर 75% हो जाएगा, जिसे अगले दस वर्षों में 40% तक लाया जाएगा।

इससे व्हिस्की की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आएगी। जगुआर लैंड रोवर और रोल्स-रॉयस जैसी लग्जरी कारें भी सस्ती होंगी। इसके अलावा ब्रिटिश चॉकलेट, बिस्किट, कॉस्मेटिक्स, मेडिकल डिवाइस, ब्रांडेड कपड़े, फुटवियर और फर्नीचर की कीमतों में भी कमी आने की संभावना है।

वहीं भारतीय उद्योगों को भी इस समझौते से बड़ा लाभ मिलेगा। टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, ऑटो पार्ट्स, फार्मा, चाय, मसाले, समुद्री उत्पाद और केमिकल सेक्टर के निर्यात को नई गति मिलेगी।

इससे लाखों रोजगार सृजित होने, एमएसएमई को नए बाजार मिलने और ब्रिटेन से निवेश बढ़ने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता भारत की वैश्विक व्यापार क्षमता और आर्थिक विकास को नई मजबूती देगा।

Related Articles

Back to top button