तेन्दूपत्ता संग्राहकों के खातों में पहुंचने लगी बोनस राशि, धरमजयगढ़ के 46,840 संग्राहकों को मिलेंगे 17.43 करोड़ रुपए

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेन्दूपत्ता संग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वर्ष 2023 के तेन्दूपत्ता संग्रहण का प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) संग्राहकों के बैंक खातों में पहुंचना शुरू हो गया है।
राज्य स्तरीय सहकारिता सप्ताह एवं अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत धरमजयगढ़ जिला वनोपज सहकारी यूनियन के 46,840 संग्राहकों को कुल 17 करोड़ 43 लाख रुपए ऑनलाइन हस्तांतरित किए जा रहे हैं।
वनमंडलाधिकारी एवं पदेन प्रबंध संचालक, जिला वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित धरमजयगढ़ के अनुसार, जिले की 58 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से बोनस वितरण किया जा रहा है।
वर्ष 2023 के संग्रहण सीजन में जिला यूनियन की 59 समितियों ने 70,945.485 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहित किया था। इसी आधार पर संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
बोनस वितरण में प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति बोरो को सबसे अधिक 4,710.58 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से प्रोत्साहन राशि मिली है। इसके बाद रायमेर समिति को 4,616.76 रुपए प्रति मानक बोरा बोनस स्वीकृत हुआ है।
वन विभाग ने बोनस की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की है, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुविधाजनक बनी है। संग्राहकों का कहना है कि समय पर मिली यह राशि खेती-किसानी, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
सरकार का मानना है कि तेन्दूपत्ता संग्राहकों को समय पर प्रोत्साहन पारिश्रमिक मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी तथा वनोपज आधारित आजीविका को नया संबल मिलेगा।





