CG Job News: नौकरी का सुनहरा मौका, राजनांदगांव और दुर्ग में आज प्लेसमेंट कैंप; 235 से अधिक पदों पर होगी भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए शनिवार का दिन रोजगार के नए अवसर लेकर आया है। राजनांदगांव और दुर्ग में आज प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जहां निजी कंपनियों में 235 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। योग्य अभ्यर्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीधे कैंप में शामिल होकर साक्षात्कार दे सकते हैं।
राजनांदगांव के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सुबह 9 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें टाटा मोटर्स (गुजरात) और डेल्फिंगन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (चेन्नई) के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। कैंप में शासकीय एवं निजी आईटीआई से उत्तीर्ण अभ्यर्थी, प्रशिक्षण सत्र 2022-24 और 2023-24 के प्रशिक्षणार्थी, साथ ही 12वीं और स्नातक पास महिला एवं पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 32 वर्ष निर्धारित की गई है।
वहीं, दुर्ग जिला रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से रोजगार मेले का आयोजन होगा। यहां टेक्नोटॉस्क बिजनेस सॉल्यूशन के 200 और मुथूट माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड के 35 पदों सहित कुल 235 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 8 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं और किसी भी विषय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवारों को अपने साथ मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकसूची, आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य पहचान पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा सभी दस्तावेजों की छायाप्रति लेकर पहुंचना होगा। रोजगार विभाग ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप, रोजगार कार्यालय के सूचना पटल और आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी उपलब्ध है।





