ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से रोशन हुआ कामती साहू का घर: बिजली बिल हुआ जीरो, हर महीने 1000 रुपए की बचत

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम मोरकुटूम्ब निवासी मितानीन प्रशिक्षक कामती बाई साहू के परिवार को बड़ी आर्थिक राहत दी है।

योजना के तहत उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट लगाया गया है। इसके बाद उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है और हर महीने करीब एक हजार रुपए की बचत होने लगी है।

कामती बाई साहू ने बताया कि उनके पति किराना दुकान संचालित करते हैं। पहले हर महीने एक हजार रुपए से अधिक का बिजली बिल आने से घरेलू बजट प्रभावित होता था। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया और सरकारी सहायता से अपने घर में सोलर प्लांट स्थापित कराया।

योजना के तहत उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए और राज्य सरकार से 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिली। कुल 1.08 लाख रुपए की सहायता मिलने से बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के सोलर रूफटॉप प्लांट लगाना संभव हो सका।

सोलर प्लांट शुरू होने के बाद इस महीने उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य रहा। अब परिवार अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहा है। साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजने से भविष्य में अतिरिक्त आय का भी लाभ मिल रहा है।

कामती बाई का कहना है कि यह योजना सिर्फ बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रही है। सौर ऊर्जा अपनाने से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता घटती है और प्रदूषण कम होता है।

उन्होंने ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के अन्य परिवारों से भी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण—तीनों लक्ष्यों को एक साथ पूरा कर रही है।

Related Articles

Back to top button