StateNewsदेश - विदेश

राजधानी में ‘स्पेशल 26’ जैसा फर्जी CBI छापा: 8-10 लोग अफसर बनकर व्यापारी के घर पहुंचे, पत्नी ने मांगा सर्च वारंट तो भागे

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में फिल्म ‘स्पेशल 26’ जैसी ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है।

करीब 8 से 10 लोग खुद को CBI अधिकारी बताकर एक व्यापारी के घर पहुंचे और छापेमारी के नाम पर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि व्यापारी की पत्नी की सूझबूझ और पड़ोसियों के हस्तक्षेप से फर्जी टीम की साजिश नाकाम हो गई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

CBI के लोगो वाले कपड़े और फर्जी आईडी लेकर पहुंचे

शिकायत के मुताबिक, संदिग्ध लोग CBI के निशान वाले कपड़े पहने हुए थे। उनके पास कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र भी थे। घर पहुंचकर उन्होंने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताया और गेट खोलने का दबाव बनाया। महिला ने गेट खोलने से इनकार करते हुए उनसे सर्च वारंट और अन्य जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा।

काफी देर तक संदिग्ध लोग घर के बाहर खड़े रहे और परिवार पर दबाव बनाने की कोशिश करते रहे। इसी दौरान शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी कथित अधिकारियों से पहचान और दस्तावेज दिखाने को कहा।

कार से नोटिस लाने का बहाना बनाकर फरार

जब पड़ोसियों ने दस्तावेज मांगे तो संदिग्धों ने कहा कि नोटिस उनकी कार में रखा है। नोटिस लाने की बात कहकर वे वहां से चले गए, लेकिन दोबारा वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CBI डायरेक्टर के नाम से भेजा फर्जी नोटिस

परिवार के एक सदस्य को बाद में वॉट्सऐप पर कथित CBI नोटिस भी भेजा गया। इसमें CBI निदेशक का नाम और हस्ताक्षर होने का दावा किया गया था। मैसेज बाद में डिलीट कर दिया गया, लेकिन परिवार ने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर पुलिस को सौंप दिया।

पूरी घटना घर के आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों को आशंका है कि आरोपियों का मकसद फर्जी छापेमारी के जरिए परिवार से पैसे या अन्य कीमती सामान हासिल करना हो सकता है।

Related Articles

Back to top button