बस्तर में ‘भीम का मैंगो आइस कैंडी’ की बिक्री पर रोक: जांच में Unsafe मिली, स्टॉक वापस लेकर नष्ट करने के निर्देश

जगदलपुर। बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर बस्तर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में ‘भीम का माँगो पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी’ को असुरक्षित यानी Unsafe पाया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इस उत्पाद की बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
खाद्य विभाग ने जिले के सभी थोक और चिल्हर व्यापारियों को निर्देश दिया है कि वे इस आइस कैंडी की बिक्री तत्काल बंद करें। बाजार में उपलब्ध स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने के लिए भी कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि किसी दुकान, गोदाम या अन्य स्थान पर इसकी बिक्री अथवा भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मैंगो कैंडी और मयोनीज पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि जांच में भीम का मैंगो आइस कैंडी और वीबा एगलेस मयोनीज अमानक पाए गए हैं। इसके बाद दोनों उत्पादों के विक्रय, वितरण और भंडारण पर पूरे बस्तर जिले में प्रतिबंध लगाया गया है। विभाग द्वारा बाजार में इन उत्पादों की उपलब्धता की निगरानी भी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की बिक्री न करें। यदि किसी दुकान या गोदाम में इनका स्टॉक दिखाई देता है तो इसकी जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी तरह की शिकायत होने पर उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। इसके लिए विभाग के टोल-फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।





