21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत: सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों का आपसी सहमति से होगा निपटारा

रायपुर। सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन समाधान समारोह-2026 के तहत होगा, जिसका उद्देश्य आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से लंबित विवादों का निपटारा कर न्याय को अधिक सरल और सुलभ बनाना है।
इस संबंध में जारी जानकारी के अनुसार समाधान समारोह की प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। इसके तहत देशभर के राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के साथ-साथ मध्यस्थता केंद्रों में पक्षकारों के बीच सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थ और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पक्षकारों को सहमति बनाने में सहयोग कर रहे हैं।
विशेष लोक अदालत का मुख्य आयोजन 21 से 23 अगस्त तक सर्वोच्च न्यायालय परिसर में होगा। इसमें केवल सुप्रीम कोर्ट में लंबित ऐसे मामलों को शामिल किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी सहमति से संभव है। पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन माध्यम से भी शामिल हो सकते हैं।
अधिवक्ताओं, वादकारियों और सभी संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। न्यायपालिका का मानना है कि आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान होने से समय और संसाधनों की बचत होगी, साथ ही पक्षकारों को शीघ्र न्याय भी मिल सकेगा।
सुप्रीम कोर्ट में लंबित किसी मामले को विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए एक ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक पक्षकार इसे भरकर अपने मामले को समाधान समारोह-2026 में शामिल करा सकते हैं। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इससे अधिक से अधिक पात्र मामलों का आपसी सहमति से निपटारा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।





