ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

AI वीडियो में जीसस को हिंदू देवी-देवताओं का पिता बताने का दावा: फेसबुक पर 50 से ज्यादा वीडियो वायरल, रायपुर में FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। फेसबुक के ‘From Heaven to Earth’ नामक पेज पर अपलोड किए गए 50 से अधिक वीडियो में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक और भ्रामक दावे किए गए हैं। इन वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है। मामले में हिंदू संगठनों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदू संगठनों ने जताई आपत्ति

बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों ने वीडियो को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। बजरंग दल के अध्यक्ष रवि वाधवानी ने आरोप लगाया कि एआई तकनीक के जरिए भगवान विष्णु, भगवान शिव, भगवान राम और भगवान हनुमान को ईसा मसीह से जोड़ते हुए भ्रामक दृश्य तैयार किए गए हैं। उनका कहना है कि इन वीडियो में ईसा मसीह को हिंदू देवी-देवताओं का ‘पिता’ और सबसे शक्तिशाली बताया गया है, जो करोड़ों हिंदुओं की आस्था का अपमान है।

फेसबुक पेज हटाने की मांग

राम भक्त सेना सहित कई संगठनों ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित फेसबुक पेज को तत्काल हटाने और संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन के सदस्य राज विक्रम ने कहा कि इस तरह की सामग्री सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती है। वहीं डॉ. स्वामी राजेश्वरानंद ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए गए वीडियो, संबंधित फेसबुक पेज और उसे संचालित करने वालों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button