JCB के टायर में धमाका, 15 फीट उछला हेल्पर; हादसे में हुई मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में JCB मशीन के टायर में हवा भरने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि वहां मौजूद 18 वर्षीय हेल्पर उमाकांत कौशिक करीब 15 फीट तक हवा में उछल गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय JCB के टायर में हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर फट गया और तेज धमाके के साथ आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे में हेल्पर उमाकांत कौशिक की जान चली गई, जबकि JCB ऑपरेटर और मैकेनिक समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें धमाके की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टायर फटते ही जोरदार विस्फोट होता है और आसपास खड़े लोग दूर जा गिरते हैं। फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने के बाद चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में टायर में अत्यधिक प्रेशर बनने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।





