स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, एम.जी. सतीश कुमार बने रायपुर के नए डीईओ

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) के तबादले किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए विभिन्न जिलों में पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल को शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के मुताबिक एम.जी. सतीश कुमार को रायपुर जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं वर्तमान प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को प्रभारी उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा बी.एल. देवांगन, जो अब तक लोक शिक्षण संचालनालय में प्रभारी उप संचालक के रूप में कार्यरत थे, उन्हें महासमुंद जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। बिलासपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार तांडे को सक्ती भेजा गया है, जबकि रामेश्वर जायसवाल को बिलासपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभागीय आदेश के अनुसार संदीप शर्मा को बलौदाबाजार-भाटापारा, श्यामानंद साहू को रायगढ़, राजेश चंद्राकर को गरियाबंद, मधुलिका तिवारी को धमतरी तथा अभय जायसवाल को बेमेतरा जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बस्तर संभाग में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। राजेश कुमार पांडेय को बीजापुर जिले का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है, जबकि महेंद्र नाथ पांडे को नारायणपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिक्षा विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और शैक्षणिक गतिविधियों की बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारियों ने जल्द ही अपना कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है।
पढ़े आदेश की कॉपी









