Chhattisgarhछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू: कॉलर से खुद की सीएम ने बात, समस्या का निराकरण करने अफसरों को दिया निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली 1076 की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और शिकायत निवारण तंत्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन सेंटर पहुंचकर शिकायतों के पंजीयन, निगरानी और निराकरण की प्रक्रिया को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता हर नागरिक की समस्या का पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से समाधान करना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन पर कॉल करने वाले रायपुर निवासी पूनाराम ठाकरे से स्वयं फोन पर बात की। ठाकरे ने बताया कि उन्होंने आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायत का जल्द निराकरण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने हेल्पलाइन से जुड़े अन्य हितग्राहियों से भी संवाद किया तथा उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। नागरिकों ने शासन तक सीधे अपनी बात पहुंचाने की इस व्यवस्था की सराहना की।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि हेल्पलाइन प्रणाली राज्य के सभी विभागों को एकीकृत रूप से जोड़ती है। इसमें 1,200 से अधिक शिकायत श्रेणियां और करीब 8,000 अधिकारियों को चार प्रशासनिक स्तरों पर मैप किया गया है। ब्लॉक से लेकर राज्य स्तर तक शिकायतों की सतत निगरानी के लिए बहु-स्तरीय एस्केलेशन प्रणाली विकसित की गई है।

मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन संचालन में कार्यरत युवाओं से भी चर्चा की और रोजगार सृजन में इसकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने एमआईएस डैशबोर्ड और शिकायत विश्लेषण प्रणाली की जानकारी लेते हुए कहा कि डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया सुशासन का महत्वपूर्ण आधार है। यह व्यवस्था केवल शिकायत निवारण नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है।

Related Articles

Back to top button