श्रमिकों के बच्चों के लिए डॉक्टर बनने का मौका, ESIC मेडिकल कॉलेजों में 700 सीटें आरक्षित

रायपुर। छत्तीसगढ़ के संगठित क्षेत्र में काम करने वाले बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा अवसर सामने आया है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम यानी ESIC ने देशभर के अपने 20 मेडिकल कॉलेजों में श्रमिकों के बच्चों के लिए MBBS और BDS की 700 सीटें आरक्षित की हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 21 जून 2026 कर दी गई है।
श्रमायुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इन सीटों पर प्रवेश NEET UG परीक्षा की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। पात्र विद्यार्थी कर्मचारी राज्य बीमा निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई तय की गई थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है ताकि अधिक से अधिक छात्र इस योजना का लाभ उठा सकें।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य संगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा उपलब्ध कराना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र भी डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।
देशभर के 20 ESIC मेडिकल कॉलेजों में कुल 700 सीटें आरक्षित की गई हैं। चयन पूरी तरह NEET UG की मेरिट सूची के आधार पर होगा। विभाग ने पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन करें।
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी और अभिभावक टोल फ्री नंबर 1800-11-2526 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी ESIC शाखा कार्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय से भी मार्गदर्शन लिया जा सकता है।
श्रमायुक्त कार्यालय ने प्रदेश के श्रमिक परिवारों से इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि योग्य विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकें।



