ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों के काम का लिया जायजा, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को बिलासपुर में निर्माणाधीन सड़कों और भवन परियोजनाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बन रही 10 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का जायजा लेते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सचिव ने साफ कहा कि गुणवत्ता और तय समय-सीमा में काम पूरा करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यों की रोजाना मॉनिटरिंग करने और ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समय पर काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निविदा स्वीकृत होने के एक महीने के भीतर हर हाल में काम शुरू होना चाहिए।

इसके बाद सचिव ने अधिकारियों की बैठक लेकर बिलासपुर जिले में चल रहे महत्वपूर्ण सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और अधीक्षण अभियंता के.पी. संत भी मौजूद रहे।

बैठक में कोनी-मोपका बायपास, जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज, जयरामनगर-सीपत रोड बायपास, उच्च न्यायालय ऑडिटोरियम, नए जेल भवन और बोदरी में प्रस्तावित विश्राम भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े प्रोजेक्ट्स की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने सड़क किनारे साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को डिवाइडर की दीवारों और ग्रिल्स का रंग-रोगन कराने तथा सड़कों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button