अवैध खनन पर शासन सख्त, केंद्रीय उड़नदस्ता ने 4 हाईवा किए जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कड़े निर्देशों और राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रदेश में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शासन स्तर पर सख्त निगरानी, प्रशासनिक चौकसी और खनिज विभाग की सक्रियता के चलते अवैध गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।
खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता तथा जिला स्तरीय टीमों द्वारा प्रदेशभर में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 मई 2026 को केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने रायपुर, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान रायपुर जिले के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा और घिवरा में अवैध खनिज परिवहन का मामला सामने आया। यहां गौण निम्न श्रेणी चूनापत्थर से भरे एक हाईवा और रेत से भरे तीन हाईवा वाहन बिना वैध अभिवहन पास और अनुमति के परिवहन करते पाए गए। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत चारों वाहनों को जब्त कर लिया।
खनिज विभाग ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जब्त हाईवा वाहनों को आगामी आदेश तक रायपुर जिले के विधानसभा और खरोरा थाना परिसर में सुरक्षा के बीच खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शासन-प्रशासन की बढ़ी सख्ती और सतत निगरानी के चलते नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



