‘अपनापन’ पुस्तक के विमोचन में शामिल हुए CM साय: बोले- जनसेवा के अनुभव समाज को देते हैं नई प्रेरणा

रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय मंगलवार को नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक ‘अपनापन’ के विमोचन समारोह में शामिल हुए। यह पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े अनुभवों, सार्वजनिक जीवन और आत्मीय संबंधों पर आधारित है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवराज सिंह चौहान को पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से समाज तक पहुंचाना एक प्रेरणादायी पहल है। ऐसे प्रयास जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनसेवा, सुशासन और संवेदनशील नेतृत्व की नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है। इसी पृष्ठभूमि में ‘अपनापन’ जैसी पुस्तक पाठकों को नेतृत्व, समाजसेवा और मानवीय संवेदनाओं को समझने का अवसर देगी।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अनुभव केवल राजनीतिक घटनाओं तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे समाज के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का भी काम करते हैं। पुस्तक में प्रधानमंत्री मोदी और शिवराज सिंह चौहान के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई आत्मीय और प्रेरक प्रसंग शामिल किए गए हैं।
कार्यक्रम में देशभर के कई केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान पुस्तक को लेकर लोगों में खास उत्साह दिखाई दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में जनसेवा का भाव सबसे महत्वपूर्ण होता है और जब इन अनुभवों को साहित्य के माध्यम से समाज तक पहुंचाया जाता है, तो वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।





