प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल पूरे: मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई, कहा- अंत्योदय को धरातल पर उतारा

रायपुर। सीएम विष्णुदेव सायव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की कार्यशैली को बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय को केंद्र में रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच रही कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आज इसका असर देशभर में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जनधन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने लोगों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाया है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आज मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत 2047 का संकल्प जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा है। बस्तर और वनांचल जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की नीति का आधार बना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।





