ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बृजमोहन की अफसरों को फटकार, बोले- बड़े लोगों को उठाकर बंद करो

रायपुर। रायपुर से भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल एक बार फिर अपने सख्त तेवर को लेकर चर्चा में हैं। सुशासन तिहार शिविर के दौरान उन्होंने अवैध शराब बिक्री के मुद्दे पर पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को मंच से ही जमकर फटकार लगाई। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

18 मई को नगर निगम जोन-5 अश्विनी नगर में आयोजित शिविर में सांसद ने अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि अवैध शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “कोई बड़े से बड़ा आदमी हो, उसको उठाकर बंद करो। तीन महीना जमानत नहीं होगी तो खुद बंद हो जाएगा।”

सांसद ने अधिकारियों से सवाल करते हुए कहा कि जब आम लोगों को पता है कि शहर में कहां-कहां अवैध शराब बिक रही है, तो पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं है। उन्होंने कहा कि भाठागांव, मठपुरैना, चंगोराभाठा, संतोषी नगर और टिकरापारा जैसे इलाकों में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है।

बृजमोहन अग्रवाल ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान मंच पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी मौजूद थीं।

यह पहला मौका नहीं है जब सांसद अधिकारियों पर भड़के हों। इससे पहले आरंग के समोदा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में भी उन्होंने शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को फटकार लगाई थी। उस दौरान भी उनका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

अब अवैध शराब के मुद्दे पर सांसद के सख्त बयान के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button