बरगद के पेड़ के नीचे लगी चौपाल: CM साय ने ग्रामीणों से सुनी समस्याएं, योजनाओं का लिया फीडबैक

महासमुंद। महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड स्थित ग्राम कमरौद में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशाल बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित इस चौपाल में मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और लोगों की समस्याएं सुनीं। चौपाल शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत करते हुए उन्होंने राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना समेत विभिन्न योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना की राशि उन्हें नियमित मिल रही है। ग्राम की देव कुमारी साहू ने कहा कि वे इस राशि को बेटी के भविष्य के लिए बचा रही हैं।
चौपाल के दौरान एक खास पल तब आया, जब मुख्यमंत्री ने पांचवीं के छात्र पूर्वांश साहू से मुस्कुराते हुए पूछा, “सेल्फी लेंगे क्या?” इसके बाद छात्र ने उत्साह के साथ मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली। यह पल पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का मकसद शासन और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अब तक वे 16 जिलों का दौरा कर चुके हैं।
उन्होंने बिजली बिल समाधान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।
ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। किसी ने पानी की समस्या बताई तो किसी ने स्वरोजगार और सोलर योजना से हुए फायदे की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कई मांगों पर तत्काल निर्देश दिए और कमरौद से चरोदा तक सड़क निर्माण, मुक्ति धाम और महिलाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण की घोषणा की। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।





