StateNewsदेश - विदेश

18 जून को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव, आंध्र-गुजरात-कर्नाटक में 4-4 सीटें

दिल्ली। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। इन सीटों पर 18 जून को मतदान कराया जाएगा। जिन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच खत्म हो रहा है, उनकी जगह नए प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। चुनाव 10 राज्यों में आयोजित किए जाएंगे।

सबसे ज्यादा 4-4 सीटों पर चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। झारखंड में 2 सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक राज्यसभा सीट के लिए वोटिंग होगी।

चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान 18 जून को होगा और उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी।

राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों के विधायक मतदान करते हैं। विधानसभा में दलों की संख्या के आधार पर उम्मीदवारों की जीत तय होती है। कई राज्यों में राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। खासतौर पर आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात में राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन शुरू कर दिया है।

राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि राज्यसभा में संख्या बल बढ़ाने से संसद में विधेयकों को पारित कराने में मदद मिलती है। आने वाले दिनों में विभिन्न दल अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button