रायगढ़ को 102 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: CM साय बोले- जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत

रायगढ़। रायगढ़ जिले के कुसमुरा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने जिलेवासियों को 102 करोड़ 93 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने सड़क, सिंचाई, शिक्षा और अधोसंरचना से जुड़े कुल 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 33 करोड़ 98 लाख रुपए के 13 कार्यों का लोकार्पण और 68 करोड़ 94 लाख रुपए के 11 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ काम कर रही है और अब जनता को जमीन पर बदलाव दिखाई देने लगा है।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ से उनका आत्मीय रिश्ता पुराना है और यहां की जनता ने हमेशा परिवार जैसा स्नेह दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का मजबूत माध्यम बन चुका है।
उन्होंने बताया कि 1 मई से 10 जून तक चल रहे सुशासन तिहार के जरिए प्रदेशभर में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। राजस्व मामलों के समाधान के लिए चलाए गए विशेष अभियान से हजारों लोगों को राहत मिली है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए का बकाया बोनस दिया गया है। महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ग्राम सूपा, घुघुवा, पुटकापुरी, तारापुर, उसरौट और काशीचुआं को जोड़ने वाली सड़क को पूर्ण कराने, कुसमुरा में महतारी सदन और गोदाम निर्माण तथा उप स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन की घोषणा की। लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कुसमुरा कॉलेज भवन का भी उल्लेख किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





