StateNewsखेलदेश - विदेश

गुजरात की IPL में सबसे बड़ी जीत, हैदराबाद 86 रन पर ढेर

दिल्ली। गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के 56वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए।

जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर सिमट गई। यह रन के लिहाज से गुजरात टाइटंस की IPL इतिहास में सबसे बड़ी जीत रही। वहीं, हैदराबाद का यह IPL में अब तक का सबसे छोटा स्कोर बन गया। इससे पहले टीम का न्यूनतम स्कोर 96 रन था, जो उसने 2019 में बनाया था।

गुजरात की जीत के हीरो सुदर्शन रहे, जिन्होंने 61 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने लगातार तीसरे सीजन में 500 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बना लिया। वह अब विराट कोहली, शिखर धवन और क्रिश गेल जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं। सुदर्शन ने लगातार तीसरी फिफ्टी भी लगाई।

गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने कहर बरपाया। रबाडा ने पावरप्ले में विकेटों की संख्या 16 तक पहुंचा दी, जबकि सिराज ने पहले ओवर में विकेट लेने के मामले में मोहम्मद शमी की बराबरी कर ली। गुजरात के तेज गेंदबाजों ने मिलकर 9 विकेट झटके।

इस जीत के साथ गुजरात ने लगातार पांचवां मुकाबला जीता और IPL 2026 में शानदार फॉर्म जारी रखी। वहीं हैदराबाद को अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button