StateNewsदेश - विदेश

एक्टर विजय बने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री

दिल्ली। तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं।

शपथ के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला। विजय तय प्रारूप से हटकर भाषण देने लगे तो राज्यपाल अर्लेकर ने उन्हें बीच में टोका और शपथपत्र में लिखी लाइनें पढ़ने को कहा। इसके बाद विजय ने सिर हिलाकर सहमति जताई और निर्धारित शपथ पूरी की।

विजय के साथ TVK के 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें एन आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरमणन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और 29 वर्षीय सेल्वी एस कीर्तना शामिल हैं। कीर्तना विजय कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री बनीं।

मुख्यमंत्री बनते ही विजय एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल बनाने वाली फाइलों पर हस्ताक्षर किए।

अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और सामाजिक न्याय के नए दौर की शुरुआत करेगी। उन्होंने पिछली DMK सरकार पर राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ने का आरोप भी लगाया। दो साल पुरानी TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीतकर बड़ा उलटफेर किया।

कांग्रेस, वामदलों, VCK और IUML के समर्थन से विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन पहुंचा, जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया। तमिलनाडु में 59 साल बाद DMK-AIADMK के बाहर किसी तीसरी पार्टी की सरकार बनी है।

Related Articles

Back to top button