StateNewsदेश - विदेश

कांग्रेस ने सत्ता के लिए DMK को धोखा दिया: पीएम मोदी

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार से तीन राज्यों के दौरे पर हैं। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से की, जहां वे ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पीएम ने नए ‘ध्यान मंदिर’ का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रवि शंकर भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने तमिलनाडु की राजनीति और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और DMK के बीच 25-30 साल पुराना राजनीतिक रिश्ता रहा है। DMK ने कई बार कांग्रेस को संकट से बाहर निकाला और केंद्र में 10 साल तक चली UPA सरकार भी DMK के समर्थन से टिकी रही।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि जैसे ही सत्ता का समीकरण बदला, कांग्रेस ने अपने पुराने सहयोगी DMK की “पीठ में छुरा घोंप दिया।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लिए अपने सहयोगियों के साथ भी विश्वासघात करती है। पीएम ने कांग्रेस को “झूठी गारंटी देने वाली पार्टी” बताते हुए कहा कि कर्नाटक में सरकार जनता की समस्याओं से ज्यादा अंदरूनी कलह में उलझी हुई है।

पीएम मोदी ने भाजपा और NDA की चुनावी सफलताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को पहली बार इतना बड़ा जनादेश मिला है, जबकि असम और पुडुचेरी में NDA लगातार सत्ता में लौटा है।

बेंगलुरु के बाद पीएम दोपहर में तेलंगाना जाएंगे। हैदराबाद और वारंगल में करीब 9,400 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें PM MITRA टेक्सटाइल पार्क, नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर शामिल हैं। इसके बाद रविवार रात वे गुजरात के जामनगर पहुंचेंगे और सोमवार को सोमनाथ अमृत महोत्सव तथा वडोदरा के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

Related Articles

Back to top button