अवैध शराब मामले में गोबरा नवापारा TI दीपेश जायसवाल सस्पेंड, SP श्वेता श्रीवास्तव का बड़ा एक्शन

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने गोबरा नवापारा थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल को निलंबित कर दिया है। उन पर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने और कार्रवाई के दौरान संदिग्ध भूमिका निभाने के आरोप लगे हैं। इस कार्रवाई को अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद क्षेत्र में अवैध कारोबार जारी रहने की बात सामने आ रही थी। इसी बीच 29 मई को मामला तब चर्चा में आया जब रायपुर ACCU की देहात टीम ने गोबरा नवापारा स्थित लल्ला सोनवानी के ढाबे में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान ढाबे में अवैध शराब बिक्री होने की पुष्टि हुई। कार्रवाई की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, कार्रवाई के दौरान उनका व्यवहार संदिग्ध पाया गया। आरोप है कि उन्होंने आरोपी लल्ला सोनवानी से एकांत में बातचीत की, जिसके बाद उनकी भूमिका पर सवाल खड़े हुए।
मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने तत्काल प्रभाव से दीपेश जायसवाल को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही पूरे मामले की प्रारंभिक जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक झा को सौंपी गई है। उन्हें सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को स्पष्ट संदेश जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।





