रायपुर में सफाई ठेकेदार पर निगम का एक्शन, 10 हजार रुपए जुर्माना लगाया

खालबाड़ा BSUP इलाके में 4 दिन बंद रहा सफाई का काम; कारण बताओ नोटिस जारी, जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो ठेका होगा निरस्त
रायपुर। रायपुर में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर नगर निगम ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की है। खालबाड़ा BSUP इलाके में बिना सूचना दिए लगातार चार दिन तक सफाई का काम बंद रखने पर जोन-9 कमिश्नर हितेन्द्र यादव ने मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। निगम ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित जवाब भी मांगा है।
नगर निगम के मुताबिक, वार्ड-8 के खालबाड़ा BSUP क्षेत्र में 20 से 23 अक्टूबर तक सफाई का काम बंद रहा। इस दौरान ठेकेदार ने न तो काम रोकने की अनुमति ली और न ही निगम को इसकी सूचना दी। इससे इलाके की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
24 घंटे में व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मामला सामने आने के बाद जोन-9 के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार को जोन कमिश्नर के सामने उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तत्काल सफाई का काम दोबारा शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर व्यवस्था सुधारने को कहा गया है।
निगम ने ठेकेदार की इस कार्रवाई को काम में लापरवाही और अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन माना है। अधिकारियों के मुताबिक, सफाई कार्य में बिना सूचना के इतने दिनों तक व्यवधान आने से स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जवाब नहीं मिला तो निरस्त होगा ठेका
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसमें ठेका निरस्त करने का कदम भी शामिल है।
निगम प्रशासन ने सफाई व्यवस्था से जुड़े ठेकेदारों को निर्देशों और अनुबंध की शर्तों का पालन करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में नियमित सफाई सुनिश्चित करना जरूरी है और इसमें लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।





