ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर CM विष्णुदेव साय का नमन: बोले- नया भारत आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य, साहस और पराक्रम को नमन किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्भीक नेतृत्व और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक नीति का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एक वर्ष पहले पहलगाम में सीमा पार से हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। लेकिन भारत ने उस हमले का ऐसा जवाब दिया, जिसने इतिहास में शौर्य और संकल्प का नया अध्याय जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि नया भारत अब आतंकवाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त करने वाला नहीं है।

साय ने कहा कि अब भारत चुपचाप सहने वाला देश नहीं रहा, बल्कि मातृभूमि की ओर उठने वाली हर बुरी नजर का प्रभावी और निर्णायक जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने भारतीय सैनिकों के साहस, रणनीति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सेना ने जिस सटीकता और क्षमता के साथ आतंक के सरपरस्तों को जवाब दिया, उससे वैश्विक स्तर पर भारत की सैन्य शक्ति और नेतृत्व की नई पहचान बनी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के प्रति “शून्य सहिष्णुता” की नीति को व्यवहार में साबित किया है। भारतीय सेनाओं की संयुक्त ताकत, आधुनिक युद्ध तकनीक और आत्मनिर्भर रक्षा व्यवस्था ने यह दिखा दिया है कि भारत अब केवल प्रतिक्रिया नहीं देता, बल्कि जरूरत पड़ने पर निर्णायक प्रतिकार भी करता है।

मुख्यमंत्री साय ने ऑपरेशन सिंदूर में योगदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को नमन करते हुए पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का बलिदान और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button