StateNewsदेश - विदेश

सुवेंदु के पीए की हत्या में सुपारी किलर्स का शक: दूसरी बाइक बरामद, 13 साल में 3 करीबी गंवा चुके भाजपा नेता

दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है।

शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह हत्या पूरी साजिश के तहत प्रोफेशनल शूटरों से कराई गई। वारदात के बाद हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक भी बारासात इलाके से बरामद कर ली गई है। पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो का रास्ता रोका, जिसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमलावरों ने उनके सीने में दो और पेट में एक गोली मारी। वारदात के बाद आरोपी कार छोड़कर दो बाइकों से फरार हो गए। जांच में सामने आया कि कार और बाइक दोनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी।

पुलिस का दावा है कि हत्या में मॉडर्न ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल हुआ, जो आम अपराधियों के पास नहीं होती। इसी वजह से जांच एजेंसियां प्रोफेशनल सुपारी किलर्स के एंगल पर काम कर रही हैं। CID और स्पेशल टीमों को जांच में लगाया गया है।

भाजपा विधायक शशांक घोष ने दावा किया कि वारदात के वक्त वे चंद्रनाथ से फोन पर बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अचानक फोन पर गोलियों और कराहने की आवाज सुनाई दी। बाद में किसी अनजान व्यक्ति ने फोन उठाकर बताया कि चंद्रनाथ को गोली मार दी गई है।

इस हत्याकांड के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। 13 साल में सुवेंदु अधिकारी अपने 3 करीबी सहयोगियों को खो चुके हैं। इससे पहले उनके पीएसओ शुभव्रत चक्रवर्ती और सहयोगी पुलक लाहिड़ी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। वहीं, चंद्रनाथ रथ का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव पुरबा मेदिनीपुर में किया गया।

Related Articles

Back to top button