StateNewsदेश - विदेश

कविता ने बनाई नई TRS: पिता KCR की BRS से अलग होकर 2028 चुनाव में ठोकी दावेदारी

दिल्ली। तेलंगाना की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां के कविता ने अपने पिता के. चंद्रशेखर राव की पार्टी भारत राष्ट्र समिति से अलग होकर नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। कविता ने अपनी पार्टी का नाम तेलंगाना राष्ट्र सेना (TRS) रखा है, जो पहले उनके पिता की पार्टी का मूल नाम हुआ करता था। उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी 2028 के विधानसभा चुनावों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी।

नई पार्टी की घोषणा करते हुए कविता ने कांग्रेस, भाजपा और बीआरएस तीनों पर निशाना साधा। उन्होंने अपने पिता पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि वे अब पहले जैसे नहीं रहे और जनता के मुद्दों पर प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। कविता के अनुसार, यही कारण है कि उन्हें नई राजनीतिक राह चुननी पड़ी।

दरअसल, के कविता को सितंबर 2025 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बीआरएस से निष्कासित कर दिया गया था। यह फैसला खुद के चंद्रशेखर राव ने लिया था। इससे पहले दिल्ली आबकारी नीति मामले में उनका नाम सामने आने के बाद वे करीब 165 दिन जेल में भी रह चुकी हैं।

परिवार के भीतर भी लंबे समय से सत्ता संघर्ष चल रहा था। कविता और उनके भाई के टी रमाराव (KTR) के बीच पार्टी नेतृत्व को लेकर विवाद खुलकर सामने आया था। कविता ने आरोप लगाया था कि उनके भाई उन्हें पार्टी से बाहर करना चाहते हैं और बीआरएस को भाजपा में मिलाने की साजिश कर रहे हैं।

कविता की ताकत उनकी सामाजिक पकड़ मानी जा रही है। उन्होंने 2008 में “तेलंगाना जागृति” संगठन की स्थापना की थी, जिसके जरिए उन्होंने खासतौर पर महिलाओं के बीच मजबूत नेटवर्क तैयार किया। अब माना जा रहा है कि इसी संगठन के आधार पर वे अपनी नई पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगी। तेलंगाना की राजनीति में यह घटनाक्रम आने वाले चुनावों में नए समीकरण बना सकता है।

Related Articles

Back to top button