ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आम जनता को फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ दिलाने सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम इस्तेमाल करें: मुख्य सचिव विकासशील

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने कहा है कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आम जनता तक जल्दी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नई तकनीकों को अपनाकर नागरिक सेवाओं को और आसान व तेज बनाया जाए।

मुख्य सचिव ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उभरती नवीन सूचना प्रौद्योगिकियों पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यशाला में राज्य और जिला स्तर के सूचना विज्ञान अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का अधिकतम फायदा लोगों को शीघ्र मिले, इसके लिए मोबाइल ऐप, वेबसाइट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म को अधिक नागरिक केंद्रित और उपयोग में आसान बनाया जाए। सूचना एवं संचार संस्थानों को अपने कार्यक्रमों को आम लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना चाहिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि एनआईसी (नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर) के अधिकारियों को नई आईटी तकनीकों से हमेशा अपडेट रहना चाहिए। नई सूचना तकनीक के जरिए हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाया जा सकता है।

सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने राज्य स्तरीय सूचना केंद्र और जिला सूचना विज्ञान केंद्रों के अधिकारियों से उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों और जरूरतों की जानकारी ली।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में एनआईसी मुख्यालय नई दिल्ली के डीडीजी दयानंद साहा ने कहा कि नवीन सूचना प्रौद्योगिकियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की सेवाएं नागरिकों तक बेहतर तरीके से पहुंचाई जा सकती हैं।

ट्रिपल आईटी के संचालक और कुलपति प्रो. डॉ. ओम प्रकाश व्यास ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं एनआईसी छत्तीसगढ़ के संयुक्त संचालक श्रीकांत पांडे ने साइबर सुरक्षा पर चर्चा की। कार्यशाला में विभिन्न जिलों से आए सूचना विज्ञान अधिकारी और आईटी विशेषज्ञ मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button