ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

न्यू एज मीडिया में दक्ष बनें जनसंपर्क अधिकारी: आयुक्त रजत बंसल

रायपुर। जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने कहा है कि वर्तमान दौर में जनसंपर्क अधिकारियों को न्यू एज मीडिया की सभी विधाओं में दक्ष होना जरूरी है। बदलते समय के साथ तकनीक और संचार के नए माध्यमों को अपनाना ही प्रभावी जनसंपर्क की कुंजी है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क का कार्य जिम्मेदारीपूर्ण है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता से लिया जाए।

शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में जनसंपर्क संचालनालय और जिला जनसंपर्क अधिकारियों की बैठक में आयुक्त ने कहा कि हर अधिकारी के कार्य का मूल्यांकन परिणाम के अनुरूप किया जाएगा। किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रजत बंसल ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी शासन और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। इसलिए मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों के साथ नियमित संपर्क और समन्वय बनाए रखना जरूरी है, ताकि सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान हो सके।

बैठक में 1 मई से शुरू होने वाले प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। आयुक्त ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो पोस्ट और खबरों के जरिए जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि दूसरे लोग भी प्रेरित हो सकें।

आयुक्त ने यह भी कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें, जिससे योजनाओं और उपलब्धियों का प्रभावी प्रचार हो सके।

बैठक में प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिला जनसंपर्क अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और हर्षा पौराणिक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button