पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही हमारी सरकार: CM विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों के समग्र विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित पंचायत पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से ही गांवों का विकास होगा और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंच और सरपंच के रूप में की थी। पंचायत प्रतिनिधि के रूप में मिले अनुभव आगे बढ़ने में सहायक होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से ग्रामीणों को पक्के मकान मिल रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान, पेंशन और बीमा जैसी सुविधाएं गांवों तक पहुंच रही हैं। महिलाओं के लिए महतारी सदन बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने की अपील की। साथ ही कहा कि जल जीवन मिशन 2.0 के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में पंचायतों की भूमिका अहम होगी। सुशासन तिहार के जरिए आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाए जाएंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रोजेक्ट स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने प्रोजेक्ट छांव के तहत मेगा स्वास्थ्य शिविर, प्रोजेक्ट धड़कन, प्रोजेक्ट दधीचि, प्रोजेक्ट नैनो, प्रोजेक्ट बिजनेस दीदी समेत कई योजनाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।





